Sushant Singh Rajput सुसाइड: बिहार के बाद झारखंड कोर्ट में सलमान खान, करण जौहर और आलिया भट्ट समेत इन 6 सितारों पर दर्ज हुआ केस
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की आत्महत्या ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद लोग बॉलीवुड में होने वाले भेदभाव के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बॉलीवुड के कई बड़े प्रोडक्शन हाउस ने सुशांत सिंह राजपूत को बैन कर दिया था। बॉलीवुड में काम न मिलने की वजह से सुशांत सिंह राजपूत डिप्रेशन में चले गए और उन्होंने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से ही फैंस सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। जिसकी वजह से करण जौहर और सलामन खान जैसे सितारों की मुश्किलें बढ़ती ही चली जा रही हैं।
इसी बीच झारखंड के जमशेदपुर के कोर्ट में अभिनेता सलमान खान (Salman Khan), करण जौहर (Karan Johar), शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) समेत छह बॉलीवुड सितारों पर एक मुकदमा दायर किया गया है। सूत्रों की माने तो यह मुकदमा क्षत्रिय महासभा के अधिवक्ता विद्या सिंह ने दायर किया जो कि सुशांत सिह राजपूत को इंसाफ दिलाना चाहते हैं। दायर किए गए मुकदमे में बताया गया है कि किस तरह से सुशांत सिंह राजपूत को बॉलीवुड में आगे बढ़ने से रोका गया है।
क्षत्रिय महासभा के अधिवक्ता विद्या सिंह का कहना है कि बॉलीवुड में काम न मिलने की वजह से सुशांत सिंह राजपूत पर मानसिक दवाब तेजी से बढ़ने लगा था। सोची समझी साजिश के तहत सुशांत सिंह राजपूत को फिल्मों से बाहर निकाला गया था। ऐसे में हमने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत से आग्रह किया गया है कि मामले में आईपीसी की धारा 304, 306, 120बी और 34 तहत केस चलाया जाए। इस केस में सलमान खान, शाखरुख खान, फिल्म निदेशक महेश भट्ठ, करण जौहर, एकता कपूर, अभिनेत्री आलिया भट्ट को आरोपी बनाया गया है।
वैसे ये पहली बार नहीं है जब सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलवाने के लिए फैंस कोर्ट पहुंचे हैं। इससे पहले भी बिहार में बॉलीवुड के 8 सितारों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। हाल ही में न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस बात की जानकारी दी थी कि बिहार के मुज्जफरपुर में रहने वाले एक वकील ने बॉलीवुड में होने वाले भेदभाव के खिलाफ कोर्ट में केस दायर किया है। इस केस में सलमान खान, संजय लीला भंसाली, एकता कपूर और करण जौहर जैसे सितारों के नाम को शामिल किया गया है।




No comments