Sushant Singh Rajput के परिजनों से मिले पप्पू यादव, ट्वीट कर कहा ‘पिता चाहते हैं सीबीआई जांच’
फिल्म स्टार Sushant Singh Rajput के आत्महत्या की खबर से उनके बिहार में रह रहे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बॉलीवुड स्टार के निधन के बाद बिहार के पटना स्थित उनके घर पर भी लोगों का तांता लगा हुआ है। इस बीच जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने भी दिवंगत एक्टर के घर पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद पूर्व सांसद ने एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है कि उनके पिता एक्टर की मृत्यु पर सीबीआई जांच चाहते हैं।

इस बारे में बताते हुए पूर्व सांसद ने ट्वीट कर लिखा है, 'बिहार के गौरव सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या नहीं कर सकते! उनकी मौत की सीबीआई जांच हो। उनके पिताजी से पटना स्थित आवास पर मिला, वह सीबीआई जांच चाहते हैं, वह कहते हैं कि मौत के दो घंटे पहले उनकी बात हुई थी। खुदकुशी जैसी कोई बात ही नहीं थी! उनके परिजनों से मिलकर भावविह्वल हो गया।' जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव के इस ट्वीट को आप नीचे देख सकते हैं।
बिहार के गौरव सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या नहीं कर सकते! उनकी मौत की सीबीआई जांच हो।— Sewak Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) June 14, 2020
उनके पिताजी से पटना स्थित आवास पर मिला, वह सीबीआई जांच चाहते हैं, वह कहते हैं कि मौत के दो घंटे पहले उनकी बात हुई थी। खुदकुशी जैसी कोई बात ही नहीं थी! उनके परिजनों से मिलकर भावविह्वल हो गया। pic.twitter.com/V41Sqcl1Yg
बता दें कि इस बीच एक्टर की बहन नीतू सिंह मुंबई के कूपर अस्पताल में पहुंच चुकी हैं जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनकी बहन की अस्पताल पहुंचने के बाद तस्वीरें सामने आई थी। अभी तक सामने आईं रिपोर्ट की मानें तो डीसीपी अभिषेक ने एक्टर के मौत को प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया है। उन्होंने बताया है कि अभी तक मौका-ए-वारदात से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि अभी शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही कुछ सही से कहा जा सकेगा।
दो घंटे पहले ही हुई थी पिता से बात
सुशांत सिंह राजपूत ने फांसी का फंदा लगाने से ठीक 2 घंटे पहले ही अपने पिता से फोन पर बात की थी। इसके बाद उनके पिता को मिली बेटे की आत्महत्या की खबर ने हिलाकर रख दिया है। सुशांत सिंह राजपूत का पूरा परिवार इस वक्त भारी सदमे में है।




No comments