Multiplex Association of India ने सरकार के साथ शेयर किया नया सुरक्षा प्लान, जल्द खुल सकते हैं सिनेमाघर
कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को करोड़ों का नुकसान हो रहा है। बंद पड़ी फिल्मों की शूटिंग से इंडस्ट्री में रुपयों का लेन-देन पूरी तरह से रुक गया है और इसके साथ-साथ जो फिल्में बनकर तैयार हैं वो ठंडे बस्ते में पड़ी हुई हैं। कोरोना काल की परिस्थितियों को देखते हुए बॉलीवुड निर्माता लगातार अपनी फिल्मों को ओटीटी पर रिलीज करने का ऐलान कर रहे हैं, जिस कारण थिएटर मालिक परेशान हो चले हैं।

थिएटर मालिकों का कहना है कि अगर फिल्में सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी, तो उन्हें करोड़ों का नुकसान होगा। ऐसे में मल्टीप्लेक्स असोसियशन ऑफ इंडिया ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय और सभी राज्य सरकारों को नया सुरक्षा प्लान सौंपा है। इस प्लान में मल्टीप्लेक्स मालिकों ने सरकार को जानकारी दी है कि अगर सिनेमाघर खोले जाते हैं तो वो दर्शकों को बीमारी से बचाने के लिए किन-किन बातों का ध्यान रखेंगे ? मल्टीप्लेक्स मालिकों ने यह प्लान सौंपते हुए सरकार को जानकारी दी है कि वो इन नियमों का पालन थिएटर खुलने के 2 महीने तक करेंगे और उसके बाद दोबारा सरकार के साथ बातचीत के माध्यम से नई गाइडलाइन तय करेंगे। जाने-माने ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने कुछ देर पहले ही ट्वीट करके इस खबर पर पक्की मुहर लगाई है।
#BreakingNews... Multiplex Association of India submits enhanced safety and precautions plan for cinemas to Information & Broadcasting Ministry and various state governments... VERY IMPORTANT DEVELOPMENT... pic.twitter.com/Ssof6kZcIk— taran adarsh (@taran_adarsh) May 20, 2020
अगर सरकार मल्टीप्लेक्स असोसियशन ऑफ इंडिया के द्वारा सौंपे गए नए सुरक्षा प्लान को पास कर देती है तो जल्द ही दर्शक सिनेमाघरों में जाकर फिल्में देख सकेंगे। बताते चलें कि कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण अक्षय कुमार, सलमान खान, वरुण धवन, और रणबीर कपूर जैसे कलाकारों की फिल्मों की रिलीज तारीखें बदलने की बात चल रही है। ये सभी कलाकार इस साल बिग बजट फिल्मों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने वाले थे लेकिन इस वायरस ने स्टार्स के साथ-साथ दर्शकों के इरादों पर भी पानी फेर दिया है।




No comments